पीएमश्री स्व0 श्री प्यारेलाल गुप्ता का स्मृति दिवस समारोह किया आयोजित
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) देश की एक फार्मास्यूटिकल्स कम्पनी के निर्माता स्वर्गीय डॉ. देशबन्धू गुप्ता के पिता स्वर्गीय प्यारेलाल गुप्ता के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी याद में स्मृति दिवस समारोह का आयोजन राजगढ़ के प्यारेलाल गुप्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके परिवारीजन, लुपिन फाउण्डेशन की सीएसआर प्रमुख श्रीमती तुषारा शंकर, उप-महाप्रबन्धक योगेश राउत, राजस्थान के स्टेट हैड अनिल गुप्ता, अलवर के स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभारी रवि दाधीच सहित अन्य लोग मौजूद थे। आत्मबन्धु गुप्ता द्वारा विद्यालय में पौधारोपण कर विद्यालय में स्थापित की गई स्वर्गीय प्यारेलाल गुप्ता की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर आत्मबन्धु गुप्ता ने अपने पिता की स्मृति में कहा कि उनके पिता के सादगीपूर्ण जीवन, उनके विचार, उनकी ईमानदारी, उनकी समाज एवं अपने कार्य के प्रति निष्ठा से हमें सीख लेकर उनके आदर्शो को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा भी इसी विद्यालय से हायर सैकेन्ड्री की शिक्षा ग्रहण की गई थी। उन्होंने कहा कि पिताजी इस विद्यालय में भूगोल विषय के विशेषज्ञ शिक्षक के रूप में प्रख्यात थे।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि यदि वह पिता की श्रेष्ठ विषय भूगोल का विशेष तौर पर विद्यालय में विद्यार्थियों को अध्ययन करायें या इस विद्यालय की भूगोल विषय में एक श्रेष्ठ पहचान बने। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन ने किया।

