कठूमर के आईटीआई संस्थान में साइबर जागरूकता शिविर: अनजान लिंक, कॉल व ओटीपी साझा न करने की दी गई सलाह
कठूमर / दिनेश लेखी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर और तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर के तत्वावधान में बुधवार को खेरली-कठूमर रोड स्थित आशुदीप औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में साइबर अपराध विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर तथा जिला एवं तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्षों के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में अधिकार मित्र वीरेंद्र कुमार नूंगरवार ने 50 से अधिक लाभार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
अधिकार मित्र ने बताया कि डिजिटल युग में इंटरनेट, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और नकली वेबसाइटों के जरिए लोगों की बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी जुटाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग व यूपीआई धोखाधड़ी, ओटीपी व एटीएम पिन चोरी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, नौकरी व निवेश के नाम पर ठगी तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल स्क्रीन शेयर करने और बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने से बचना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सतर्कता बरतने और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।
शिविर में बताया गया कि ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी होने पर पीड़ित को तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने, नजदीकी पुलिस थाने या साइबर थाने में रिपोर्ट देने तथा बैंक ट्रांजेक्शन की रसीद, मैसेज व स्क्रीनशॉट जैसे साक्ष्य सुरक्षित रखने के बारे में भी बताया गया।
अधिकार मित्र ने कहा कि साइबर अपराध पीड़ित जरूरतमंद लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समिति या राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से विधिक सहायता ले सकते हैं। शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।

