कठूमर ब्लॉक के 12 गांवों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान: 1,365 बच्चों व ग्रामीणों ने ली शपथ
कठूमर / दिनेश लेखी। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से बुधवार को कठूमर ब्लॉक के 12 गांवों में विशेष जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘100 दिवसीय बाल विवाह रोकथाम अभियान’ के अंतर्गत श्री जन जीवन कल्याण संस्थान (एसजेकेएस) और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 1,365 बच्चों तथा ग्रामीण समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों और बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास में बाधाएं उत्पन्न होती हैं।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर कानूनी अपराध है तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, अपने सपनों को पूरा करने और सम्मानपूर्वक बचपन जीने का अधिकार है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इस कुप्रथा को रोकने के लिए जागरूक बनें और कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर उसके विरुद्ध आवाज उठाएं।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों और ग्रामीणों को बाल विवाह न करने, न होने देने तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने-अपने गांवों को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था के कार्यकर्ता रामहरी गुर्जर, योगेंद्र फौजदार, जगदीश प्रसाद शर्मा, मनोज, आरती, पिंकी, सलमा, सुनीता और मनोज देवी उपस्थित रहे।

