भरतपुर में परिवर्तन योजना का लाभ: वाहन स्वामी को मिली 1.91 लाख रुपये की सीधी राहत, दूसरे वाहन का हुआ पंजीयन
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परिवर्तन योजना के प्रति भरतपुर जिले में वाहन स्वामियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। पुराने वाहनों के स्थान पर नए बीएस-6 मानक के वाहन खरीदने पर सरकार द्वारा दिए जा रहे आकर्षक आर्थिक लाभों के चलते योजना को सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिले में योजना के तहत दूसरे वाहन का पंजीयन किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी अभय मुद्गल ने बताया कि 25 नवम्बर को वाहन स्वामी रामजीत द्वारा महिंद्रा कंपनी का नया गुड्स कैरियर वाहन (वाहन संख्या आरजे 05 जीसी 4402) पंजीकृत करवाया गया। इस वाहन की खरीद जेएस फोरव्हील मोटर्स प्रा. लि., भरतपुर के माध्यम से की गई है। योजना के अंतर्गत वाहन स्वामी को कुल 1 लाख 91 हजार रुपये का प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है, जिसमें 95 हजार रुपये की डीलर छूट तथा 96 हजार रुपये की मोटर वाहन कर में शत-प्रतिशत छूट शामिल है। इसके अतिरिक्त पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन स्वामी को ब्याज दर सबवेंशन का लाभ भी अलग से देय होगा।
उन्होंने बताया कि परिवर्तन योजना का मुख्य उद्देश्य पुराने एवं प्रदूषणकारी वाहनों के स्थान पर नए बीएस-6 मानक के वाहनों को प्रोत्साहित करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा परिवहन व्यवसाय से जुड़े वाहन स्वामियों को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करना है। इससे जहां वाहन स्वामियों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है, वहीं स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण में भी मदद मिल रही है।
जिला परिवहन अधिकारी ने जिले के समस्त पात्र वाहन स्वामियों और परिवहन व्यवसायियों से अपील की है कि वे परिवर्तन योजना की पात्रता एवं प्रावधानों की जानकारी लेकर अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ें और नए बीएस-6 मानक के वाहन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छ परिवहन व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

