खैरथल-तिजारा जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा: इन्द्रजीत यादव बने नए जिला प्रमुख, कांग्रेस की अमिता चौधरी को 2 मतों से हराया
खैरथल / हीरालाल भूरानी । पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिला परिषद खैरथल-तिजारा के प्रमुख पद के लिए बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी इन्द्रजीत यादव ने 2 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित इस पद पर रिटर्निंग अधिकारी (जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट) की देखरेख में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों व नियमानुसार चुनाव करवाया गया।
जिला परिषद प्रमुख पद के लिए दो अभ्यर्थियों के नामांकन स्वीकार किए गए थे। इनमें ग्राम जाटवास (तहसील कोटकासिम) निवासी अमिता चौधरी इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी थीं, जिन्हें हाथ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था। वहीं ग्राम श्री कृष्ण नगर (तहसील मुंडावर) निवासी इन्द्रजीत यादव भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी थे, जिन्हें कमल चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद के कुल 25 निर्वाचित सदस्यों में से 24 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में भाजपा प्रत्याशी इन्द्रजीत यादव को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अमिता चौधरी को 11 मत मिले। इस तरह इन्द्रजीत यादव ने 2 वोटों से जीत दर्ज की और उन्हें जिला परिषद खैरथल-तिजारा के प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 एवं राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

