कठूमर में पानी के टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर: युवक के पैर में फ्रैक्चर, अलवर रेफर; गड्ढे में पलटा टैंकर-ट्रैक्टर
कठूमर / दिनेश लेखी। कठूमर-नगर खेरली मार्ग पर तसई गांव के पास चौहान ईंट भट्टे के सामने पानी के टैंकर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर होने पर कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के हेड कांस्टेबल पप्पू खान ने बताया कि पानी सप्लाई का टैंकर तसई गांव से नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर की तरफ से आ रहे बाइक सवार मोहित (20) पुत्र बलवीर निवासी मानखेड़ा को टैंकर चालक ने गलत साइड में आकर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर ट्रैक्टर सहित अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए कठूमर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां सीएचसी प्रभारी डॉ. जवाहर सैनी ने प्राथमिक उपचार किया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण युवक को अलवर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर मालिक का पता नहीं चल पाने पर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से ट्रैक्टर को निकालकर पुलिस वाहन से बांधकर थाने लाया गया। वहीं क्षतिग्रस्त बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है।

