जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जिले भर में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 5 अप्रैल रविवार सायं सूचना केंद्र पर वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जिला संगठन द्वारा पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 12 अप्रैल तक जिलेभर में विशिष्ट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार 5 अप्रैल को सायं 6 बजे भीलवाड़ा शहर के अंबेडकर सर्किल से मशाल यात्रा निकाली जाएगी, जो गोल प्याऊ चौराहे होते हुए सूचना केंद्र पहुंचेगी, जहां पर मां भारती के दीप प्रज्वलन के साथ मां भारती की भव्य आरती का आयोजन होगा।
इस अवसर पर आकर्षक रंगोली भी बनाई जाएगी। इसी प्रकार पार्टी स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल सोमवार को प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण किया जाएगा एवं इसके पश्चात विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच होंगे एवं अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा करेंगे। सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगें।


