धोलागढ़ देवी मेले को लेकर प्रजापति समाज ने किया धर्मशाला का जीर्णोद्धार, धर्मार्थ जल सेवा शुरू
कठूमर (दिनेश लेखी) धोलागढ़ देवी मेले के अवसर पर सोमवार से प्रजापति समाज द्वारा सराहनीय पहल की गई। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रजापति समाज की धर्मशाला का जीर्णोद्धार कराया गया तथा धर्मार्थ जल सेवा (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया।
प्रजापति समाज के अध्यक्ष रामावतार प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धर्मार्थ जल सेवा प्रारंभ की गई है। यह सेवा लगभग एक सप्ताह तक निरंतर संचालित की जाएगी, जिससे मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालु लाभान्वित होंगे।
उन्होंने बताया कि समाज के सभी बंधुओं के सहयोग से धर्मशाला को व्यवस्थित एवं सुगम बनाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने एवं विश्राम करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर प्रजापति समाज के गणमान्य लोग एवं समाज बंधु उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से धर्मार्थ प्याऊ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।
मेले के दौरान इस प्रकार की व्यवस्थाएं समाज की सेवा भावना का प्रतीक हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। इस मौके पर पूरन भनोखर, मोहनलाल समूची, ओमी हनीपुर, समर्थलाल जाडला सहित समाज के अन्य लोग मौजूद थे।


