अस्पताल परिसर में साफ सफाई में लापरवाही बरतने पर लेक्टर ने ठेकेदार पर लगाया जुर्माना
सिरोही कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने सोमवार को राजकीय जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था, लैब, आईसीयू, दवा वितरण केंद्र एवं भंडार तथा विभिन्न वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर तोमर ने अस्पताल परिसर में साफ सफाई में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार पर 25 हजार की पेनल्टी लगाई एवं संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एनीमिया की रोकथाम के लिए 2 चरणों में अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मरीजों को स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात भी कही। कलेक्टर ने अस्पताल में पीएसए प्लांट एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने बीपी एवं शुगर मरीजों की जांच निर्धारित कक्ष में ही करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने के लिए गार्ड तैनात करने की बात कही। साथ ही गर्मियों में कूलर, फैन की सुचारू व्यवस्था करने के निर्देश दिए। खराब कूलर को 7 दिन में ठीक कराने के दिए निर्देश कलेक्टर ने दवा वितरण केंद्र एवं भंडार के निरीक्षण के दौरान अनुपलब्ध दवाओं की सूची तथा कार्यालय स्तर पर खरीदी दवाओं की सूची उपलब्ध करवाने की बात कही। पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए इलेक्ट्रिक वाटर कूलर को 7 दिन में मरम्मत कर सुचारू करने के निर्देश दिए व ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइनों और अनिश्चित प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए टोकन सिस्टम मशीन को अस्पताल में उपलब्ध करवाने की बात की। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी व पीएमओ डॉ. वीरेंद्र महात्मा मौजूद थे।


