गैस एजेंसी का भंडाफोड़ , वैर में गैस एजेंसी पर छापा, कनेक्शन सिर्फ 20, गोदाम से 282 सिलेंडर जप्त
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कस्बा वैर में रिहायशी इलाके के बीचों बीच बिना वैघ अनुमति के चल रही एक निजी गैस एजेंसी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 282 एलपीजी सिलेंडर जप्त किए हैं। जबकि एजेंसी के पास 18-20 गैस कनेक्शन थे। कस्बा के हलैना रोड स्थित भदौरिया गैस एजेंसी नाम से संचालित एजेंसी इन्दिरा गैस के नाम पर बाजार में सिलेंडर सप्लाई कर रही थी। लेकिन जांच में पता चला कि एजेंसी के पास लाइसेंस ही नहीं था।
संचालन से जुड़े लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, भंडारण अनुमति, एनओसी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं थे। प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी लम्बे समय से अवैध रूप से संचालन कर रही थी। साथ ही आस-पास के लोगों ने भी शिकायत की थी। उपखंडाधिकारी गंगाधर मीना को मिली सूचना के बाद कार्रवाई की गई। मीना ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रवर्तन अधिकारी सरोज विश्नोई के निर्देशन में टीम को मौके पर भेजा। प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार और प्रवर्तन निरीक्षक गुरदीप सिंह की मौजूदगी में एजेंसी पर दबिश दी गई।
- कनैक्शन धारकों को सब्सिडी के लिए अधिकृत नहीं थी एजेंसी
जांच टीम ने मौके पर एजेंसी संचालक मुकेश कुमार सैनी से सभी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी अधिकृत कागजात पेश नहीं कर सका। तद्उपरान्त एजेंसी परिसर की तलाशी ली गई जहां 270 खाली और 12 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर मिले। कार्रवाई के बाद इन सिलेंडरों को सुरक्षा की दृष्टि से इंण्डेन गैस प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि यह एजेंसी इन्दिरा गैस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से काम कर रही थी। लेकिन इसका आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों से कोई अधिकृत संबंध नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार यह एक निजी गैस सप्लाई नेटवर्क की तरह संचालित हो रही थी
- एक किग्रा से अधिक वजन के निकले सिलेंडर
अधिकारियों के अनुसार एजेंसी ने सन् 2024 के अन्त में कार्य प्रारंभ किया। जांच के दौरान सबसे गंभीर तथ्य यह मिला कि इन्दिरा गैस सिलेंडरों की कैलोरीफिक वैल्यू सरकारी गैस सिलेंडरों की तुलना में कम थी। वहीं वजन के दावे को लेकर भी संदेह है। जहां सामान्य घरेलू सरकारी एलपीजी सिलेंडर में 14.2 किलोग्राम गैस होती है वहीं इस निजी गैस एजेंसी पर सप्लाई में 15 किलोग्राम का दावा किया जा रहा था। मौके पर तैयार सूची में कई सिलेंडरों के सिरियल नंबर और टोटल वेट दर्ज किए गए। अधिकांश सिलेंडरों का कुल वजन 15 से 16 किलोग्राम के बीच नोट किया गया।


