विनायक के द्वार गूंजे जयकारे, पीले चावल चढ़ाकर दिया सामूहिक विवाह का निमंत्रण; गांधी नगर हुआ धर्ममय: ढोल-नगाड़ों के साथ निकले श्रद्धालु,

Apr 8, 2026 - 18:54
 0
विनायक के द्वार गूंजे जयकारे, पीले चावल चढ़ाकर दिया सामूहिक विवाह का निमंत्रण; गांधी नगर हुआ धर्ममय: ढोल-नगाड़ों के साथ निकले श्रद्धालु,

भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) शहर के गांधी नगर स्थित निंबार्क आश्रम में बुधवार को भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री निंबार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट की ओर से आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन की निर्विघ्न संपन्नता के लिए श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश को भावभीना निमंत्रण दिया। आश्रम के महंत पूज्य गुरुदेव मोहन शरण शास्त्री  के पावन सानिध्य में निकले इस निमंत्रण जुलूस में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार शाम 4 बजे निंबार्क आश्रम से हुई। गुरुदेव के सानिध्य में जब भक्तों का हुजूम गांधी नगर स्थित गणेश मंदिर की ओर बढ़ा, तो नजारा देखने लायक था। आयोजन की विशेष ड्रेस कोड की पालना करते हुए जहां महिलाएं हरे रंग की साड़ियों में प्रकृति की हरियाली और खुशहाली का प्रतीक नजर आ रही थीं, वहीं पुरुष श्वेत कुर्ता-पायजामा धारण कर सादगी और शुचिता का संदेश दे रहे थे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते भक्तों ने पूरे मार्ग को 'जय श्री गणेश' और 'राधे-राधे' के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। 

गांधी नगर स्थित प्रथम पूज्य गणेश जी के दरबार पहुंचकर महंत मोहन शरण शास्त्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश को सामूहिक विवाह सम्मेलन की प्रथम कुमकुम पत्री अर्पित की गई और पीले चावल चढ़ाकर सप्रेम आमंत्रित किया गया। इस दौरान गुरुदेव ने कहा कि कोई भी शुभ कार्य बिना विघ्नहर्ता की अनुमति के पूर्ण नहीं होता। 19 अप्रैल को होने वाला यह सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में समरसता और सेवा का बड़ा उदाहरण बनेगा।

मंदिर परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महंत ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और भामाशाहों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। भक्तों ने भगवान से प्रार्थना की कि सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधने वाले जोड़ों का जीवन सुखमय रहे। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में अनुशासन और भक्ति की पराकाष्ठा देखने को मिली। अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। श्री निंबार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट ने सभी प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए 19 अप्रैल के मुख्य समारोह में भी इसी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................