गोविंदगढ़ में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला: खातेदार की अनुपस्थिति में मेड़ों पर लगे पेड़ों को काटने का आरोप, तहसीलदार से शिकायत, जांच शुरू
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के सहजपुर गांव में हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। इस संबंध में गोविंदगढ़ तहसीलदार राजेंद्र यादव को शिकायत पत्र सौंपा गया है।
शिकायतकर्ता देवेंद्र सिंह ने बताया कि सहजपुर से मालपुर रोड पर स्कूल के सामने खसरा नंबर 203, 204 और 205 के खेतों की मेड़ों पर लगे पेड़ों को काटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहजपुर गांव के राम सिंह बेटा अमरचंद और उनका बेटा मिलकर इन पेड़ों को काट रहे हैं।
देवेंद्र सिंह के अनुसार ये लोग इन पेड़ों को पूरन जयसवाल नामक ठेकेदार को बेच रहे हैं। भूमि के खातेदार दिल्ली में रहते हैं, और उनकी अनुपस्थिति में ये कटाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में 21 मार्च 2025 को भी तहसीलदार गोविंदगढ़ से शिकायत की गई थी।
गोविंदगढ़ तहसीलदार राजेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें शिकायतकर्ता की खातेदारी भूमि की मेड़ों पर हरे पेड़ों की अवैध कटाई के संबंध में शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।

