साप्ताहिक समीक्षा बैठक, लाडो योजना में लंबित प्रकरणों का पारदर्शिता से करें निस्तारण -जिला कलक्टर

May 4, 2026 - 19:18
 0
साप्ताहिक समीक्षा बैठक, लाडो योजना में लंबित प्रकरणों का पारदर्शिता से करें निस्तारण -जिला कलक्टर

भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)  जिले में चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रगतिरत विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित आवेदनों पर गंभीरता जताते हुए उपखंड अधिकारी भरतपुर एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरणों का भौतिक सत्यापन शत-प्रतिशत पूर्ण कर संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा लाड़ो योजना में लगभग 90 प्रतिशत प्रगति की जानकारी देने पर जिला कलक्टर ने शेष लंबित प्रकरणों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की पूर्ति में तेजी लाई जाए तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सालयों में रैंडम जांच कर फीडबैक लिया जाए। साथ ही लंबित किश्तों का शीघ्र भुगतान कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
एचपीवी वैक्सीनेशन हेतु विशेष अभियान
जिला कलक्टर ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों में राजकीय विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर वैक्सीनेशन कार्य को गति दी जाए। साथ ही एचपीवी वैक्सीनेशन के फायदे और शंकाओं को दूर करने के लिए गायनेकोलॉजिस्ट महिला चिकित्सकों, शिक्षा विभाग एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से जागरूकता के लिए अपील वीडियो तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए पालनहार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करें, जिससे अनाथ बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। साथ ही स्कूली बच्चों के माध्यम से लोक कला जत्थों द्वारा राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु थीम आधारित संदेश वीडियो तैयार करने की बात कही।
सीएम पोर्टल प्रकरणों पर सख्ती
जिला कलक्टर ने सीएम पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलदाय विभाग एवं नगर निगम से संबंधित शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ट्यूबवेलों के लिए विद्युत कनेक्शन, नए हैंडपंप स्थापित करने तथा खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। बांसीखुर्द में पेयजल व्यवस्था सुधारने एवं नंगला पेमा में हैंडपंप दुरुस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता को खेड़लीमोड़ से सलीमपुर खुर्द मार्ग के बीच गड्ढों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। 
जल स्वावलंबन एवं जनजातीय विकास योजनाएं
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत जिला परिषद, कृषि, वन, जलदाय एवं जल संसाधन विभागों को समन्वय के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत चयनित 30 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं आधारभूत ढांचे के विकास हेतु प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, बीडीए सचिव सुरेश नवल एडीएम सिटी राहुल सैनी, राजीविका जिला प्रबंधक भारती भारद्वाज, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, अधीक्षण अभियंता आर.सी. मीना, अधीक्षण अभियन्ता बनय सिंह, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................