जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रणाली को प्रभावी व समयबद्ध बनाने पर जोर
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी राजकीय एवं निजी चिकित्सा संस्थानों में होने वाली जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाते हुए नागरिकों को बिना अनावश्यक देरी के प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग तथा नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि जन्म एवं मृत्यु से संबंधित प्रपत्रों का समय पर संधारण एवं सत्यापन किया जाए। साथ ही, ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली को बढ़ावा देकर नागरिकों को घर बैठे प्रमाण पत्र प्राप्त करने की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों एवं अन्य फील्ड स्टाफ को सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु की सूचना समय पर उपलब्ध कराने की बात कही। विद्यालयों में प्रवेश के समय जन्म प्रमाण पत्र की अनिवार्य जांच पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करते हुए पंजीकरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाएं, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
बैठक में सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, संयुक्त निदेशक सांख्यिकी रामेश्वर महावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


