जोनेटा गांव में समाजसेवियों ने उठाया बीड़ा, परिंडों में नियमित पानी और चुग्गा डालने का लिया संकल्प
सकट, (अलवर) आसमान से बरसती आग और लगातार बढ़ती भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत देने के लिए मानवीय सरोकार की एक अनूठी पहल सामने आई है। क्षेत्र के जोनेटा गांव में पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समाजसेवी दीपक शर्मा आगे आए हैं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव के विभिन्न धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर पेड़ों पर परिंडे बांधने का पुनीत कार्य शुरू किया है।
इस सेवा कार्य के तहत जोनेटा गांव के प्रसिद्ध मनसा माता मंदिर, परित बाबा का स्थान, शिव मंदिर, बालाजी मंदिर और चावंड माता मंदिर परिसर सहित कई प्रमुख स्थानों पर पेड़ों पर मिट्टी के परिंडे बांधे गए।
समाजसेवी दीपक शर्मा और उपस्थित ग्रामीणों ने केवल परिंडे बांधने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि उन्होंने इन परिंडों में प्रतिदिन सुबह-शाम नियमित रूप से साफ पानी भरने और बेजुबान पक्षियों के लिए चुग्गा (दाना) डालने का सामूहिक संकल्प भी लिया, ताकि इस कड़कड़ाती धूप में किसी भी पक्षी को प्यास से न तड़पना पड़े।
पक्षियों के संरक्षण की इस मुहिम के दौरान राधेश्याम शर्मा, मनोहर लाल शर्मा, मुकेश शर्मा, कल्याण सिंह, जितेन्द्र, दिनेश, रिंकू, शिवशंकर, देवेंद्र और कैलाश मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और इस कार्य में अपना सक्रिय योगदान दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी अपने घरों और छतों पर परिंडे लगाने की अपील की है।


