नदबई में स्पीड ब्रेकर पर बाइक फिसलने से दंपती घायल, गंभीर हालत में महिला भरतपुर रेफर
नदबई (भरतपुर) नदबई शहर में खांगरी फाटक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक निजी अस्पताल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
जानकारी के अनुसार, नदबई निवासी महावीर अपनी पत्नी गीता के साथ बाइक पर जा रहे थे। खांगरी फाटक के पास अचानक स्पीड ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस कर्मी सीताराम मौके पर पहुँचे और घायलों को नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुँचाया।
चिकित्सकों के अनुसार, महावीर को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। वहीं, उनकी पत्नी गीता के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। नदबई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया है।


