नाना थाना पुलिस का मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ा प्रहार, लगातार तीसरे दिन डोडा पोस्त से भरी दो कारें जब्त
तखतगढ़ (बरकत खान) नाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। नाना थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर डोडा पोस्त से भरी दो कारों को जब्त करने में सफलता हासिल की। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार पाली जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा और सुमेरपुर डीएसपी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र के रास्तों से मादक पदार्थ की खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आमलिया के निकट जोड़ फलिओर तथा आदिवासी क्षेत्र ठंडी बेरी में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दो कारों को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक जब्त किए गए डोडा पोस्त का वजन नहीं हो पाया था। पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ का वजन करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का कार्य जारी है। प्रारंभिक तौर पर बरामद माल की मात्रा काफी अधिक बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नाना थाना क्षेत्र लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में लगातार तीसरे दिन हुई कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सक्रियता को दर्शाती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी हुई है कि जब्त किया गया मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई की आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकेगा।
इस कार्रवाई में सहायक थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह, भीमाना पुलिस चौकी प्रभारी हीर सिंह चौहान, जवाई बांध चौकी प्रभारी श्याम सिंह, कांस्टेबल गुलाबचंद, शीशराम, मुरारी लाल, महेंद्र कुमार, प्रदीप सिंह, रता राम, छोटू राम, कमलेश और गोसाई राम सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही। लगातार सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


