सृजक' संस्था की मासिक कवि गोष्ठी कल, शहर के दिग्गज कवि बिखेरेंगे काव्य रंग
अलवर, (कमलेश जैन) अलवर की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था 'सृजक' के तत्वावधान में माह मई की मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन कल, 14 जून (रविवार) को किया जा रहा है। काव्य प्रेमियों के लिए यह अनूठा संगम रेलवे स्टेशन के सामने, संजय नगर स्थित एम.एन.सी.आई. कोचिंग के सभागार में सायं 4:00 बजे शुरू होगा।
सृजक संस्थान के सचिव रामचरण 'राग' ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस मासिक गोष्ठी की अध्यक्षता सृजक के अध्यक्ष व प्रख्यात साहित्यकार सरदार अमरीक सिंह 'अदब' करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर के वरिष्ठ कवि रघुवर दयाल जैन गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
विभिन्न रसों और समसामयिक विषयों पर होगा काव्य पाठ: इस गोष्ठी में अलवर के कई नामचीन व वरिष्ठ रचनाकारों के साथ-साथ उभरते हुए युवा कवि और कवयित्रियाँ भी शिरकत करेंगे। आमंत्रित कविगण देशप्रेम, समसामयिक विषयों, मानवीय संवेदनाओं और विभिन्न रसों से सराबोर अपनी नवीनतम रचनाओं का पाठ करेंगे। संस्था ने शहर के सभी प्रबुद्ध साहित्यकारों, रचनाकारों और काव्य-प्रेमियों से इस साहित्यिक उत्सव में समय पर पधारकर काव्य रस का आनंद लेने की अपील की है।


