एकता पब्लिक स्कूल में कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ 15 जुलाई से, जुटेंगी राजस्थान की 50 से अधिक टीमें
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे के किरोड़ी रोड स्थित एकता पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आगामी 15 जुलाई से चार दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार आगाज होने जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाली यह प्रतियोगिता 18 जुलाई तक चलेगी, जिसमें राजस्थान भर के उभरते हुए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
- तीन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. संतोष सिरोही ने बताया कि 15 जुलाई से शुरू हो रही इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह है।
- भारतीय कप्तान करेंगे शिरकत
विद्यालय के चेयरमैन राव ईश्वर सिंह ने दूरभाष पर विशेष जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 15 जुलाई को भारतीय एशियन कबड्डी '26 के कप्तान विजेंद्र चौधरी करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की मौजूदगी से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की बड़ी प्रेरणा मिलेगी।
- 50 से अधिक टीमें होंगी आमने-सामने
चेयरमैन राव ईश्वर सिंह के अनुसार, इस भव्य प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से कम से कम 50 से अधिक नामचीन टीमें हिस्सा ले रही हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
- तैयारियां अंतिम चरण में
स्कूल के प्रिंसिपल विजय शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। खेल मैदान (कोर्ट) को तैयार करने से लेकर बाहर से आने वाली टीमों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


