उदयपुरवाटी में ढाई घंटे गुल रहेगी बत्ती, जीएसएस पर मरम्मत कार्य जारी
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। स्थानीय उपखंड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को आज सुबह बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। कस्बे के 132 केवी जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) पर आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते आज 15 जुलाई को सुबह ढाई घंटे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मनफूल सिंह महरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 132 केवी जीएसएस पर तकनीकी सुधार व आवश्यक मरम्मत का कार्य किया जाना तय हुआ है। इस कारण इससे जुड़े सभी 33 केवी फीडरों की बिजली सप्लाई 15 जुलाई 2026 को सुबह 7:00 बजे से लेकर 9:30 बजे तक बंद रखी जाएगी।
सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती के समय को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और विभाग को कार्य समय पर पूरा करने में सहयोग प्रदान करें। मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।


