चुनाव तैयारियों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न; नगर निकाय चुनाव में कानून व्यवस्था एवं निष्पक्ष मतदान सर्वाेच्च प्राथमिकता-जिला निर्वाचन अधिकारी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) नगर निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आरओ, एआरओ एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं स्वतंत्रता सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आरओ एवं एआरओ को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए अधिकारी आपस में कार्यों का प्रभावी एवं रचनात्मक विभाजन कर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों एवं भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए आईटी नोडल अधिकारियों को प्रभावी जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही, आरओ को राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठकों की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
क्रिटिकल मतदान केंद्रों का करें चिन्हीकरण-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रिटिकल एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों को समय रहते चिन्हित किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार पुलिस जाब्ता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने एआरओ एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मौके की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, आवश्यक सुविधाओं एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सहयोग के लिए स्काउट, एनसीसी एवं एनएसएस की सेवाएं लेने हेतु भी पूर्व योजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने नगर निकाय क्षेत्रों में दिव्यांग मतदाताओं को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने तथा उन्हें मतदान के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आरओ, एआरओ, पुलिस एवं संबंधित प्रकोष्ठों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान, निर्वाचन सामग्री, कार्मिकों की तैनाती तथा मतदान दिवस की व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष निगरानी
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने कानून व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक, असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों का चिन्हीकरण तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
बैठक में निर्वाचन क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए चुनाव की तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की बात कही।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मेन्द्र यादव, विशेषाधिकारी आईएएस भानु शर्मा, सहायक कलक्टर आईएएस आलोक सिंह, आईपीएस सीओ सिटी आशिमा वासवानी, एडीएम सिटी राहुल सैनी, आरओ भुसावर राधेश्याम मीना, आरओ नदबई सचिन यादव, आरओ भरतपुर भारती गुप्ता, आरओ वैर ऋतुराज शर्मा सहित सभी एआरओ, आईटी टीम, निर्वाचन प्रकोष्ठ के हेमंत शर्मा एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

