नाम निर्देशन प्रक्रिया एवं ईवीएम कमिश्निंग को लेकर निर्वाचन अधिकारियों एवं एआरओ का प्रशिक्षण आयोजित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के मद्देनजर मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (आरओ) एवं अतिरिक्त निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एआरओ) का चुनाव संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने एवं नाम निर्देशन की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण ईवीएम कमिश्निंग से संबंधित आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में नाम निर्देशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, अभ्यर्थियों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच, नाम निर्देशन पत्रों की प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बारे में जानकारी दी गई। वहीं ईवीएम कमिश्निंग के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, मशीनों की जांच एवं अन्य तकनीकी पहलुओं से भी कार्मिकों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किशनगढ़ बास सत्यवीर सिंह, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मुंडावर सृष्टि जैन, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोटकासिम संजीव कुमार वर्मा, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टपूकड़ा कृष्ण यादव, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तिजारा सहित जिले के सभी एआरओ एवं संबंधित चुनाव कार्मिक उपस्थित रहे।

