खैरथल में अतिक्रमण पर चलेगा नगर परिषद का बुलडोजर: मुख्य मार्गों से हटेंगे चबूतरे और टीनशेड
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खैरथल शहर की सड़कों पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और उससे चरमराई यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर परिषद अब पूरी तरह सख्ती के मूड में आ गई है। दुकानों के आगे बने पक्के चबूतरे, सड़क तक तने टीन शेड और रास्तों पर कब्जा जमाए ठेलियों के कारण संकरी हो रही सड़कों को मुक्त कराने के लिए नगर परिषद ने कमर कस ली है। अगले दो-तीन दिनों के भीतर पुलिस जाप्ते के साथ शहर में एक बड़ा और प्रभावी अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। नगर परिषद सभापति विक्रम चौधरी ने आयुक्त को इस संबंध में सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।
मुख्य मार्गों पर पहले चरण में होगी कार्रवाई
अभियान के पहले चरण के तहत शहर के प्रमुख रास्तों को निशाना बनाया जाएगा। इनमें किशनगढ़बास रोड, मातौर रोड, हरसोली रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग और हेमूकालानी चौक मुख्य रूप से शामिल हैं। सभापति ने बताया कि कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के आगे पक्के चबूतरे और टीन शेड बनाकर सड़क की सीमा तक अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे न केवल आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि शहर का स्वरूप भी बिगड़ रहा है। नगर परिषद ने पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर पर्याप्त पुलिस जाप्ते की मांग की है, जिसके मिलते ही कार्रवाई का डंडा चल जाएगा।
पहले खुद हटाएं, मिलेगा सम्मान; विरोध पर होगी प्राथमिकी
प्रशासन ने बुलडोजर चलाने से पहले दुकानदारों और नागरिकों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का एक मौका दिया है। सभापति विक्रम चौधरी ने अपील की है कि लोग खुद आगे आकर अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लें। स्वेच्छा से सहयोग करने वाले नागरिकों और दुकानदारों को नगर परिषद की ओर से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, यदि किसी ने कार्रवाई में बाधा डाली या विरोध किया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संबंधितों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने और भारी चालान काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।
ठेलियों के लिए तय होगा नया स्थान
मुख्य मार्गों पर बेतरतीब लगने वाली ठेलियां भी इस अभियान के सीधे दायरे में रहेंगी। हालांकि, ठेला चालकों का रोजगार प्रभावित न हो, इसके लिए नगर परिषद द्वारा एक अलग स्थान चिह्नित किया जा रहा है, जहाँ उन्हें स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही, दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि किसी ने दुकान के आगे ठेली लगवाकर किराया वसूलने का खेल जारी रखा, तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
'शहर हमारा है, इसे व्यवस्थित रखना सबकी जिम्मेदारी'
सभापति विक्रम चौधरी ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी को प्रताड़ित करना नहीं, बल्कि खैरथल के रास्तों को सुगम और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें ताकि खैरथल को एक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।

