पंचायतीराज चुनाव: संभावित प्रत्याशियों के लिए 10 अक्टूबर को होगी प्रबोधन कार्यशाला, नामांकन प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय , 9 अक्टूबर 2026
पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी नियमों की सटीक जानकारी देने के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे जिले की प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर 'प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला' का आयोजन किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर देंगे जरूरी गुर
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच तथा पंच पदों के संभावित प्रत्याशियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यशाला में मुख्य रूप से नाम निर्देशन पत्र (नामांकन फॉर्म) भरने की सही प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और निर्वाचन आयोग के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा।
मीडिया की सहभागिता और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
इस कार्यशाला में मीडिया और सोशल मीडिया की प्रभावी भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है, ताकि चुनाव से जुड़ी हर जरूरी जानकारी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके और कोई भी प्रत्याशी आवश्यक सूचना से वंचित न रहे। कार्यशाला के सफल और व्यवस्थित आयोजन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित पंचायत समिति के विकास अधिकारी (BDL/BDO) को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने भरतपुर जिले के पंचायतीराज संस्थाओं के सभी संभावित प्रत्याशियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि (10 अक्टूबर) और समय पर अपने संबंधित पंचायत समिति कार्यालय में जरूर पहुंचें। इस कार्यशाला में भाग लेकर नामांकन से जुड़ी तकनीकी बारीकियों और दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

