राजगढ़ के लोसल गांव पहुंचा नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल: जल संरक्षण व भू-संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण, मॉडल को सराहा
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। नाइजीरिया के 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के गांव लोसल में जलग्रहण विकास, भू-संरक्षण और जल संरक्षण के कार्यों का निरीक्षण किया। कनिष्ठ अभियंता नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत में भूजल पुनर्भरण और ग्रामीण विकास के सफल मॉडलों को समझना है, ताकि इन्हें नाइजीरिया के सूखा प्रभावित व ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किया जा सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम लोसल (ग्राम पंचायत नाडू) में निर्मित जोहड़, एनिकट, परकोलेशन टैंक और जल संचयन संरचनाओं का अवलोकन किया। वाटरशेड विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता व अन्य अधिकारियों ने दल को जानकारी दी कि वर्षा जल संचयन और वाटरशेड प्रबंधन के माध्यम से किस प्रकार क्षेत्र में गिरते भूजल स्तर को ऊपर उठाया गया है तथा बंजर भूमि को पुनः खेती योग्य बनाया गया है।
नाइजीरियाई डेलिगेशन ने स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों से भी संवाद कर जल प्रबंधन में जनभागीदारी की भूमिका को समझा। प्रतिनिधिमंडल ने अलवर में हुए जल संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कम लागत और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से जल संकट का समाधान करने का यह मॉडल उनके देश के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
इस मौके पर वाटरशेड विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता इंद्रजीत निमेष, अधीक्षण अभियंता (अलवर) नरेंद्र सिंह, अधिशाषी अभियंता प्रहलाद, कनिष्ठ अभियंता अभिनव कुमार व नवीन कुमार शर्मा तथा ग्राम पंचायत नाडू के सरपंच उपस्थित रहे।

