अलवर के जाटोली में बाड़े में घुसा लेपर्ड: 6 बकरियों को बनाया शिकार व 2 घायल, गांव में दहशत
अलवर / अनिल कुमार गुप्ता। मालाखेड़ा के समीप सरिस्का के जंगल से सटे जाटोली गांव में मंगलवार रात एक लेपर्ड ने ग्रामीणों के बाड़े में घुसकर कहर बरपाया। हमले में पशुपालकों की आजीविका का सहारा रहीं 6 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 2 बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सुबह बाड़े की स्थिति देखकर पूरे गांव में दहशत और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर लेपर्ड पशुबाड़े में जा घुसा और 6 बकरियों को शिकार बना लिया, वहीं 2 बकरियों को घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर सुबह वन विभाग की टीम के फॉरेस्टर चिरंजीलाल मौके पर पहुंचे। टीम ने बाड़े और आसपास के क्षेत्र की जांच की, जहां लेपर्ड के पगमार्क स्पष्ट दिखाई दिए, जिनके फोटो लिए गए।
रात के समय गांव में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में गहरी चिंता है। उन्होंने वन विभाग से गांव की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं बकरियां गंवाने वाले पशुपालकों ने प्रशासन से त्वरित आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व चिकित्सक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे। वन विभाग के बुलावे पर पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत बकरियों का पोस्टमॉर्टम किया और घायल बकरियों का उपचार शुरू किया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जंगल से सटे होने के कारण गांव में वन्यजीवों के आने का खतरा बना रहता है तथा राज्य सरकार के नियमों के तहत पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर बकरियों की अनुमानित कीमत तय कर मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।

