लक्ष्मणगढ़ पालिका अध्यक्ष मीना गुप्ता ने लिया रैन बसेरे का जायजा, अन्नपूर्णा रसोई में भोजन चखकर परखी गुणवत्ता
शीतलहर से बचाव को लेकर पालिका अध्यक्ष ने किया रैन बसेरे का निरीक्षण, जल्द व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देशबिस्तर, साफ-सफाई, अलाव व पेयजल की पुख्ता व्यवस्था रखने की हिदायत; अन्नपूर्णा रसोई में भोजन कर परखी गुणवत्ता
लक्ष्मणगढ़/अलवर/ कमलेश जैन। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष मीना गुप्ता ने मालाखेड़ा रोड स्थित नए बस स्टैंड के रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरे कक्ष में चल रही पुताई, रंग-रोगन और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कार्य को शीघ्र पूरा कर इसे शुरू करने के निर्देश दिए।
बिस्तर, अलाव और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था रखने की हिदायत निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने कर्मचारियों को रैन बसेरे में बिस्तरों, साफ-सफाई, अलाव और पीने के पानी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यहां ठहरने वाले किसी भी गरीब, मुसाफिर या असहाय व्यक्ति को परेशानी नहीं होनी चाहिए। रैन बसेरे में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो। उन्होंने बताया कि शहर में आने वाले मुसाफिरों और निराश्रित लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधायुक्त रैन बसेरे को तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा। इस मौके पर सार्वजनिक पुस्तकालय अध्यक्ष रवि शर्मा, भोलू अवस्थी सहित पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
अन्नपूर्णा रसोई में खुद भोजन कर परखी गुणवत्ता रैन बसेरे के निरीक्षण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने बस स्टैंड पर संचालित अन्नपूर्णा रसोई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद भोजन करके खाने की गुणवत्ता को परखा। रसोई संचालक द्वारा भोजन की गुणवत्ता और परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को उन्होंने संतोषजनक बताया और इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

