विशेष अभियान स्पंदन के तहत बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण; बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं उपचार उपलब्ध कराना अभियान का उद्देश्य
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रदेश के कारागृहों में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं त्वरित चिकित्सा देखभाल के लिए तीन माह का विशेष अभियान स्पंदन संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को जिले के महिला बंदी सुधारगृह एवं केंद्रीय कारागृह में निरुद्ध महिला एवं पुरुष बंदियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश मशरूर आलम खान के आदेशानुसार तथा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश नीरज भामू के निर्देशन में 26 नवम्बर को विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इसमें गठित चिकित्सकीय टीम ने दोनों कारागृहों में पहुंचकर बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की तथा आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया।
चिकित्सकीय दल में डॉ. हरिओम पाठक नोडल अधिकारी, डॉ. वीरेन्द्र रावत स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. कुलदीप सोनी वरिष्ठ ईएनटी चिकित्सक, डॉ. नीतू सिंह नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. राधेश्याम गुर्जर फिजिशियन तथा डॉ. दौलतराम धाकड़ त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिला बंदी सुधारगृह में महिला बंदियों तथा केंद्रीय कारागृह में पुरुष बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा पर विशेष जोर
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कारागृहों में निरुद्ध सभी बंदियों का नियमित एवं समुचित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार उचित उपचार एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से बंदियों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मानवीय एवं संवेदनशील न्याय व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

