27 को लोहागढ़ स्टेडियम में होगा विधिक जागरूकता कार्यक्रम; महिलाओं को दिलाई जाएगी बाल विवाह रोकथाम की शपथ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 27 नवम्बर को जिले में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान महिला कल्याण मंडल, शाखा भरतपुर द्वारा बाल अधिकार सहयोगी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम शुक्रवार को सायं 4 बजे लोहागढ़ स्टेडियम में होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने बताया कि कार्यक्रम में सेवर एवं भरतपुर क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, साथिनों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बाल विवाह प्रतिषेध कानून एवं बाल विवाह की रोकथाम के कानूनी प्रावधानों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासनिक एवं कानूनी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि सामुदायिक जागरूकता और सामाजिक सहभागिता से भी संभव है। इस दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, साथिनों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ये महिलाएं अपने कार्यक्षेत्र एवं समुदाय में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के साथ संभावित बाल विवाह की जानकारी समय रहते संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

