हमारी पृथ्वी हमारी शक्ति थीम पर मनाया गया पृथ्वी दिवस

भरतपुुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कृषि महाविद्यालय भुसावर पर मंगलवार 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाया गया। महाविद्यालय के डीन डॉ. उदय भान सिंह ने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार पूरे ब्रह्माण्ड में केवल पृथ्वी ग्रह पर ही जीवन है और मानव का आधुनिक विकास पृथ्वी के सभी तंत्रों जैसे वायु, जल, पहाड़, नदी, पेड-पौधे आदि को प्रदूषित और खत्म कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी चीजों पर स्वंय मानव का अस्तित्व भी निर्भर है, किन्तु मानव की आंखों पर विकास का ऐसा चश्मा चढ़ा है कि उसे स्वयं का निरन्तर होता विनाश नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पृथ्वी पर उपलब्ध सभी संसाधनों का अंधाधुंध दोहन रोकना होगा। डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि पृथ्वी दिवस 2025 की थीम हमारी पृथ्वी हमारी शक्ति रखी गयी है। हम जिस घर में रहते है, उसी घर में आग नहीं लगा सकते। विकास की अंधी दौड में हम अपने आप को तबाह करने की राह पर है। उन्होंने कहा कि हम जनसंख्या को नियंत्रित करें, अपनी इच्छाओं को सीमित करें, पर्यावरण प्रदूषण को रोकें तथा अपनी पृथ्वी को अधिकाधिक पेड लगाकर हराभरा बनायें। इस अवसर पर डॉ. बी. एल. जाखड, डॉ. भानूप्रिया पंकज, डॉ. एस. एल. यादव व डॉ. विकास कुमार आर्य सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित थे।






