जयकारों के बीच शहर से निकली 500 मीटर लंबी भव्य कलश यात्रा

Jul 25, 2023 - 16:40
Jul 25, 2023 - 16:50
 0
जयकारों के बीच शहर से निकली 500 मीटर लंबी भव्य कलश यात्रा

राजगढ़,अलवर (महेन्द्र अवस्थी)

राजगढ़ शिव मित्र मंडल सेवा समिति के तत्वाधान में 25 जुलाई से 1 अगस्त तक चलने वाली संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ धार्मिक आस्था के केंद्र गणेश पोल से भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। समिति के महेश सैनी ने बताया कि इस कलश यात्रा में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस भव्य कलश यात्रा में 500 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया, 500 मीटर लंबी भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं मंगल कलश सिर पर धारण किए बैंड बाजों की धुन पर नाचते गाते चल रही थी। वहीं भारी संख्या में पुरुष व स्कूली छात्र भी जोश खरोश के साथ भक्ति भाव से भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

शहर में जगह-जगह यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया तो वही समाजसेवियों की ओर से ठंडा जल व शरबत के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस यात्रा में आधा दर्जन से अधिक सजीव झांकिया सजाई गई। जो लोगों को खूब लुभा रही थी। शहर में विशाल कलश यात्रा को देखते हुए एसएचओ के निर्देशन में पुलिस जाप्ता चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई यात्रा 11.30 बजे भागवत कथा स्थल शिव मंदिर तबेला कारोठ रोड पहुंची। जहाँ महिलाओं को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर ख्यातिनाम कथा वाचक अमन भारती महाराज की ओर से कथा प्रवचन शुरू किया गया। समिति के महेश सैनी ने बताया कि प्रतिदिन श्रीमदभागवत कथा के पश्चात रात्रि में 8 से 10 बजे तक स्थानीय कलाकारो की ओर से जागरण का आयोजन होगा। इस अवसर पर लॉन्स क्लब अध्यक्ष खेमसिंह आर्य, गायक कलाकार संजय राजस्थानी, सरदार सुरजीत सिंह, अशोक पंसारी, राजू मुखीजा, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा,  किशन मुखीजा, जगदीश आर्यभट्ट, अभिषेक खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow