बाइक सवार पति-पत्नी को गैस टैंकर ने रौंदा, दोनों की मौत: ड्राइवर गाड़ी छोडकर भागा
बच्चों से मिलकर भरतपुर से गांव लौट रहे थे पति-पत्नी
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) गैस से भरे टैंकर ने बाइक सवार पति-पत्नी को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई । घटना मथुरा गेट थाना क्षेत्र के सारस चौराहे के पास शनिवार सुबह 6.00 बजे के करीब हुई। दम्पति रोड क्रॉस कर रहे थे, इस दौरान जयपुर से आगरा की तरफ जाते गैस टैंकर ने दोनों को कुचल दिया।सारस चौकी प्रभारी एएसआई राधाकिशन ने बताया कि सुबह करीब 6.00 बजे एक गैस टैंकर जयपुर से आगरा की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस लाइन की तरफ से बाइक पर आए दंपति ने रोड क्रॉस किया। टैंकर ने बाइक को साइड से चपेट में ले लिया और घसीटते हुए ले गया। इसके बाद बाइक और दम्पति सारस चौराहे पर लगे डिवाइडर से टकराये। दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।सारस चौकी पुलिस एवं मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टैंकर ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दंपति के शव और बाइक डिवाइडर के पास पड़े मिले। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एएसआई राधाकिशन ने बताया कि शवों की तलाशी लेने पर मिले दस्तावेज से दोनों की शिनाख्त हुई। व्यक्ति का नाम नेत्रपाल गुर्जर उम्र 36 वर्ष एवं उसकी पत्नि कृपा उम्र 32 वर्ष निवासी हेलक (भरतपुर) के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। आरबीएम चिकित्सालय की मोर्चरी में शवों को रखवाया गया।
एएसआई राधाकिशन ने बताया कि नेत्रपाल हेलक गांव में खेती का कार्य करता था। उसके तीनों बच्चे पुत्री निधि उम्र 19 वर्ष,नेहा उम्र 18 वर्ष और पुत्र दुर्गेश उम्र 15 वर्ष भरतपुर में पुलिस लाइन क्षेत्र में अपने मामा मुरारी लाल के यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। माता -पिता अपने बच्चों से मिलने के लिए आए थे। शनिवार की सुबह वे अपने गांव हेलक लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। पुलिस ने गैस टैंकर को जप्त कर लिया है। ड्राइवर का पता लगाने में जुटी हुई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।