बोरवेले के पाइप निकालकर पत्थर डाले:ग्राम पंचायत ने 4 लोगों के खिलाफ दी रिपोर्ट, दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया मामला
गोविंदगढ़ की इंदपुर ग्राम पंचायत के जहांपुर गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत बोरिंग खोदा जा रहा है। बीती रात कुछ लोगों ने बोर के पाइप निकालकर उनमें पत्थर डाल दिए।
ग्राम पंचायत प्रशासक सविता ने यशपाल, राजेश, जमशेद और रामावतार के खिलाफ गोविन्दगढ़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। सभी आरोपी जहांपुर की ढाणी के निवासी हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज करवाया है।
ठेकेदार के कर्मचारियों के अनुसार, बोरिंग 250 फीट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान 50-60 लोग लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने काम रोकने को कहा और बाद में पाइप निकालकर बोर में पत्थर डाल दिए।
विवाद की जड़ में पानी का बंटवारा है। जहांपुर की ढाणी में दो बोर किए जा रहे हैं। एक बोर का पानी जहांपुर और दूसरे का इंदपुर गांव में जाना है। इसी को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इससे पहले एक पूर्व सरपंच के घर पर इस मुद्दे पर बैठक भी हुई थी।