उद्योग नगर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर हादसे में युवक की मौत, शराब के नशे में था चालक
अलवर उद्योग नगर थाना क्षेत्र के मीणापुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। यह हादसा थाने से महज 1 किलोमीटर दूर उस समय हुआ जब मृतक रामकुमार अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ बहन के घर पटाव छोड़ने गया था। लौटते समय ट्रैक्टर के तेज रफ्तार में चलने के कारण ब्रेकर पर उछलकर रामकुमार नीचे गिरा और ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिवारजनों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक रतिराम ने शराब पी रखी थी और उन्हें धीमे चलाने के लिए कहा भी गया, लेकिन उसने तेज गति से ट्रैक्टर चलाया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक के भाई ने बताया कि शव को अलवर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। उन्होंने प्रधान दौलत राम और अलवर आर टी ओ अधिकारी राम खिलाड़ी पर भी गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि बीते रात को ये दोनों उनके घर आए और कहा कि "जो हो गया उसे भूल जाओ, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।"हालांकि आर टी ओ अधिकारी राम खिलाड़ी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह वहां गए ही नहीं।
मृतक रामकुमार मजदूरी करता था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। अब सवाल ये है कि क्या पुलिस शराबी चालक और कथित दबाव बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा? परिजन इंसाफ की मांग की है।
- अनिल गुप्ता


