11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र का पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव
थानागाजी कस्बे के समीपवर्ती द्वारापुर गांव में एक स्कूली छात्र का शव शाम को नदी के किनारे स्थित एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। थानागाजी थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा ने बताया कि द्वारापुर गांव निवासी 17 वर्षीय रमेश पुत्र महेंद्र गुर्जर स्कूल से आने के बाद धाना का बास के जंगल में बकरी चराने गया था। उसका शव कीकर के पेड़ पर तौलिया से बने फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखकर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। परिजनों ने बताया रमेश दो बजे बजे स्कूल से घर लौटा और खाना खाकर बकरियां चराने जंगल में चला गया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था। वह द्वारापुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र था। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द किया।