खेत में मवेशी हांकने के विवाद में फायरिंग, गोली लगने से दो घायल: दो आरोपी पकड़े
बुलाहेड़ी गांव की घटना, सीसीटीवी में कैद
अलवर कठूमर थाना क्षेत्र के गांव बुलाहेड़ी में खेत में मवेशी हांकने की बात को लेकर सोमवार रात करीब 8 बजे दो पक्षों में झगड़ा होने पर पथराव व गोलियां चलीं। गोली लगने से बीच-बचाव कर रहे रामप्रसाद गुर्जर (61) व जयराम गुर्जर (50) घायल हो गए। घायल रामप्रसाद का जयपुर में उपचार चल रहा है। अभी उसके शरीर में गोली फंसी हुई है।
पुलिस ने घटना के बाद 2 आरोपी लक्खी गुर्जर व शिवराम गुर्जर को पकड़ा है। जबकि मुख्य आरोपी कुंवर सिंह गुर्जर अभी फरार है। फायरिंग व पथराव की सूचना पर कठूमर थाना पुलिस गांव पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग गए।
बुलाहेड़ी निवासी जयराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के ही राधे पुत्र शिवराम गुर्जर ने अपने चाचा लक्खी गुर्जर की भैंस खोलकर खेत में हांक दी थी। उसने इसका आरोप मुझ पर लगा दिया। शाम 4 बजे मेरी बेटी तनू व प्रिया पुराने मकान में तूड़ा लेने गई थी।
लक्खी गुर्जर व उसकी पत्नी धोली ने मेरी बेटियों से गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गई। रात 8 बजे घर पहुंचने पर मुझे बेटियों ने पूरी घटना बताई। मैं लक्खी के घर उलाहना देने गया तो लक्खी, उसकी पत्नी धोली, बलवंत, शिवराम, कुंवर सिंह व राधा ने एकराय होकर मेरे साथ मारपीट की। कुंवर सिंह गुर्जर ने पिस्टल से हम पर 8 फायरिंग कर दी। अन्य आरोपियों ने पथराव किया। बीच-बचाव कर रहे पड़ौसी रामप्रसाद गुर्जर के प्राइवेट पार्ट के ऊपर गोली जाकर लगी। अभी गोली उसके शरीर में फंसी हुई है। दूसरी गोली मेरे बाएं पैर के अंगूठे में लगी। घायल रामप्रसाद जयपुर भर्ती है। झगड़े के दौरान फायरिंग करता आरोपी।