संभागीय आयुक्त ने अटारी और लखनपुर ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में किया आमजन की परिवेदनाओं का निस्तारण
-जनसुनवाई में प्राप्त हुए 50 से अधिक प्रकरण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने ब्लॉक नदबई की ग्राम पंचायत अटारी और लखनपुर स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण कर राहत प्रदान की, अन्य प्रकरणों के संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का तुरंत समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की वाजिब समस्या का अधिकारीगण तुरंत समाधान करें, निस्तारण में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं करें। जनसुनवाई में 50 से अधिक प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई के आयोजन से पहले सभी विभाग उनके विभाग से संबंधित सभी प्रकार की सूचनाएं सम्मिलित करना सुनिश्चित करें ।
संभागीय आयुक्त ने पीडब्लूडी अधिकारी को ग्राम जहांगीरपुर से लखनपुर के बीच कच्ची सड़क के डामरीकरण करने हेतु प्रस्ताव लेकर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम टोहिला से जाटवों का मौहल्ला के मार्ग में जल भराव समस्या निस्तारण करने निर्देश दिए। उन्होंने जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह को जाटवों के मोहल्ला स्थित पोखर की साफ-सफाई करने हेतु निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि ग्राम टोहिला स्थित मोक्षधाम पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने एवं मोक्षधाम की चार दीवारी करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीएचईडी अधिकारी को ग्राम अटारी के वार्ड नंबर 7 में दूषित पेयजल सप्लाई की समस्या को दूर कर ग्रामीणों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि अटारी और लखनपुर गांव के रास्तों एवं नालियों की नियमित रूप से साफ-सफाई व्यवस्था की वार्डवार फोटोग्राफी सुनिश्चित करें, लापरवाही करने पर संबंधित कार्मिक के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें। उन्होंने लखनपुर उप तहसील में पौधरोपण अभियान के तहत लगाये गए पौधों की सुरक्षा की दृष्टि से ट्रीगार्ड लगाने एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोलों को शीघ्र बदलवाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान फार्मर आईडी बनाने, रास्तों से अतिक्रमण हटाने, नाम संशोधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा जारी करवाने, विद्युत कनेक्शन, सीमा ज्ञान, राशि स्वीकृत करवाने, फसल मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नालियों की साफ सफाई, जाति प्रमाण पत्र संबंधी समस्याएं आमजन ने संभागीय आयुक्त को बताई।
संभागीय आयुक्त डॉ. सोनी और जिला कलक्टर ने अटारी स्थित प्रधानमंत्री कृषि समृद्धि केंद्र पहुंच कर खाद, बीज वितरण व्यवस्थाआंे को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कृषि अधिकारी को कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि प्रणाली को लेकर व्यापक रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को लाभान्वित करने के लिए फसल संबंधी समस्याओं और कृषि यंत्रों के बारे कृषि अधिकारी अपने अनुभव भी साझा करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री कृषिा समृद्धि केंद्र में किसानों को आधुनिक कृषि प्रणाली जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध करवाया जाना सुनिश्चित करें।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों किया निरीक्षण
संभागीय आयुक्त व जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत अटारी के उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवनों की स्थिति को लेकर निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि कमरों की छतों की पुनः मरम्मत कराने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं भामाशाहों सहयोग से विद्यालय में भवनों की मरम्मत करने या नव भवन निर्माण कार्य योजना बनाएं।
संभागीय आयुक्त श्रीमती डॉ. टीना सोनी और जिला कलक्टर ने अटारी में नव निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व लखनपुर में पीएचसी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अटारी और लखनपुर में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लखनपुर पीएचसी पर कार्यरत चिकित्साकर्मियों को नदारद मिलने पर संभागीय आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए बीसीएमओ डॉं. राहुल कौशिक को नियामानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में कार्यरत चिकित्साकर्मियों को पाबंद करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला कलक्टर कमर चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, नदबई उपखंड अधिकारी गंगाधर मीणा, आईएएस भानु शर्मा, तहसीलदार नदबई विनोद मीणा, अटारी सरपंच अंकित मानसिंह, लखनपुर सरपंच चरण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परिवादी मौजूद रहे।