डंपर ट्रक और बाईक में भिड़ंत बाईक सवार दो युवकों की मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के टहला में तेजाला स्टैंड पर शुक्रवार दोपहर डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद दोनों मृतकों के शव टहला हॉस्पिटल की मॉर्चरी में रखवाए गए।
घटना की सूचना के बाद मृतकों के परिजन हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों ने डंपर ड्राइवर को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर तेजाला रोड पर जाम लगा दिया।
पुलिस कर रही समझाइश
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की टहला से तेजाला रोड पर डंपर ने सामने से बाइक को टक्कर मारी थी। घटना के बाद मौके पर इकट्टा हुई भीड़ ने एंबुलेंस को फोन करके बुलाया और टहला दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों की पहचान ककराली रामपुरा निवासी जगरूप गुर्जर पुत्र प्रभुदयाल गुर्जर और कमलेश पुत्र रामहेत गुर्जर के रूप में हुई। फिलहाल परिजन सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस परिजनों से समझाइश के प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस ने डंपर ड्राइवर को पकड़ने के लिए पुलिस ने सर्च शुरू किया है। गौरतलब रहे कि इस सड़क मार्ग पर ओवर लोड डंपरों की दिन-रात भरमार रहती है।