भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता मे साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई जिसमें विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर सभी अधिकारियों को बजट घोषणाओं की क्रियान्विति समय पर करते हुये विभागीय योजनाओं से आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग बजट घोषणाओं को समय पर पूरा करते हुये प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं मेें पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर शतप्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग फ्लैगशिप योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिये कार्ययोजना बनाकर गांव-गांव तक लोगों को योजनाओं के बारे में बताऐं, आम नागरिक स्वप्रेरित होकर योजनाओं में आवेदन करें इसके लिये जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना में पात्रजनों को लाभान्वित करने के लिये आवेदन तैयार कराने के साथ ही बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने तक निरन्तर सम्पर्क में रहें। उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना में चयनित श्रेणी के सभी कामगारों का पंजीयन हो सके इसके लिये ग्राम पंचायतों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिये निर्देशित करें। उन्होंने अधिक वर्षा से जिले में क्षतिग्रस्त आंगनबाडी केन्द्रांे, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं शिक्षण संस्थाओं के भवनों की मरम्मत के प्रस्ताव शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गये सुझावों के अनुसार विकास कार्यों को मूर्तरूप दें जिससे जिले का विकास तेजी से हो सके। उन्होंने कहा कि अर्न्तविभागीय समन्वय से संबंधित प्रकरणों में सभी अधिकारी आपसी संवाद रखते हुये विकास कार्यों को पूरा करायें। उन्होंने आमजन की नियमित जनसुनवाई कर पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ प्रदान करने तथा जन समस्याओं का समयबद्धता से निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जिले में संचालित किये जाने वाले शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में सक्रियता से भागीदारी निभाते हुये आमजन की समस्याओं का अधिक से अधिक मौके पर निस्तारण करें। उन्होंने अभियान में सभी विभागों को योजनाओं के फ्लैक्स व बैनर लगाकर आम लोगों को योजनाओं की जानकारी देने, जो भी कार्य किये जाने हैं उनमें शतप्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत तक आयोजित शिविरों में समय पर पहुॅचें तथा सभी समस्याओं का उसी दिवस निराकरण करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर निदेशक घना मानस सिंह, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, सचिव बीडीए नीलिमा तक्षक, एसडीएम राजीव शर्मा, सहायक निदेशक लोकसेवाऐं भारती भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।