ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत: हॉस्टल से वापस घर लौट रहे थे, हादसे के बाद मौके से भागा ट्रक ड्राइवर
अलवर में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के रड़वापूठ के पास हुआ। यहां एक ट्रक ने मृतक की बाइक को टक्कर मार दी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान देवेंद्र पुत्र बलवीर सिंह निवासी काटवाड़ी के रूप में हुई है। हादसे के बाद देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसके साथ बाइक पर बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपने गांव लौट रहा था युवक - थाने के हेड कॉन्स्टेबल महेश कुमार ने बताया- मृतक देवेंद्र जाट काटवाड़ी गांव का रहने वाला था। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलवर शहर के बिजली घर चौराहे के पास स्थित जाट हॉस्टल में रह रहा था। शनिवार को वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रड़वापूठ के पास अचानक ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस - पुलिस ने मृतक का पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, गंभीर घायल साथी का इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

