अनाज मंडी में कपास की ढेरी में लगी आग, किसान को एक लाख से ज्यादा का नुकसान
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) बुधवार दोपहर खैरथल अनाज मंडी परिसर में अज्ञात कारणों से एक कपास की ढेरी में आग लग गई। आग पर स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया, लेकिन तब तक करीब 40 मन कपास में से काफी मात्रा में जलकर राख हो गई। घटना में किसान को एक लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। व्यापार समिति अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता ने बताया कि कान्हड़का निवासी किसान राकेश यादव अपनी फसल नरेश कुमार-सुरेश कुमार आढ़ती के यहां लेकर आया था।
करीब शाम 4 बजे अचानक ढेरी से धुआं उठता देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर और गीली बोरियों से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग से कपास का बड़ा हिस्सा जल गया। गुप्ता ने बताया कि इस समय मंडी में रोजाना 5 से 6 हजार मन कपास की आवक हो रही है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह घटना रात के समय होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने मंडी प्रशासन से मांग की है कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन संसाधन और निगरानी व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।