बृज विश्वविद्यालय में हंगामा, बोम बैठक में तीन कर्मचारियों पर आरोपों की जांच कमेटी गठित, छात्रों ने कुलपति से की बदसलूकी
भरतपुर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) भरतपुर संभाग मुख्यालय के डीग जिले के कुम्हेर मे महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में कुलपति की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट (बोम) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीग–कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली सहित विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के तीन कर्मचारियों पर धांधली के गंभीर आरोपों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए वैर विधायक बहादुर सिंह कोली की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। समिति 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसी बीच बैठक समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ छात्रों ने कुलपति त्रिभुवन शर्मा के चेंबर से बाहर निकलते समय गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। छात्रों द्वारा किए गए इस दुर्व्यवहार से आहत कुलपति तत्काल विश्वविद्यालय से अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए।
डीग–कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि जिन कर्मचारियों पर आरोप लगे हैं, उन्हें भी पूरा अवसर दिया जाएगा ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति तय समय में रिपोर्ट सौंप देगी, जिसके बाद उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं वैर विधायक और जांच समिति अध्यक्ष बहादुर सिंह कोली ने बताया कि नए कर्मचारी सोमवार से विश्वविद्यालय में कार्यभार संभाल लेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


