हेलमेट पहनने वालों का सम्मान, लापरवाहों को समझाइश; सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
रामगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय और अनूठी पहल करते हुए यातायात नियमों की पालना को लेकर सख्त संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका असर अब साफ नजर आने लगा है।
शुक्रवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र में थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बहादुरपुर रोड स्थित खाटूश्याम मंदिर के बाहर विशेष यातायात अभियान चलाया गया। इस दौरान हेड कांस्टेबल सुनील कुमार मीणा, कांस्टेबल मनमोहन सिंह चौधरी सहित आरएससी पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा। अभियान में खाटूश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जवाहर तनेजा व सदस्य भी पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नजर आए।
रामगढ़ पुलिस ने यातायात जागरूकता को लेकर नया तरीका अपनाते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे दुपहिया चालकों को रोककर फूलमाला पहनाई और उपहार देकर सम्मानित किया। इस सकारात्मक पहल से चालकों में उत्साह देखने को मिला और कई लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की खुलकर सराहना की।
वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को सख्त लहजे में समझाइश दी गई और भविष्य में नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है।
खाटूश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जवाहर तनेजा ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस की यह पहल समय की मांग है। रामगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है और लोग यातायात नियमों को लेकर जागरूक होते नजर आ रहे हैं। रामगढ़ पुलिस का यह कदम निश्चित रूप से सड़क सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।