कठूमर में राजस्थान शिक्षक संघ ने कर्तव्य बोध दिवस का किया आयोजन
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा कठूमर के तत्वावधान में कठूमर स्थित चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में कर्तव्य बोध दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपशाखा अध्यक्ष ललित कुमार जैन ने की।
इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश महासमिति सदस्य चंचल शर्मा ने कहा कि अधिकारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से पालन करे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
जिला उपसभाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मीणा ने शिक्षकों से विद्यालय को तीर्थ के समान मानते हुए सेवा भावना से कार्य करने की अपील की। वहीं जिला सभाध्यक्ष कैलाश कूलवाल ने कहा कि राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) से जुड़ा शिक्षक सदैव राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वोपरि रखते हुए शिक्षा, शिक्षक एवं शिक्षार्थी के हितों के साथ-साथ सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र तिवारी, जिला मंत्री हिमांशु शर्मा, सीबीईओ कठूमर राधेश्याम चौधरी, उपशाखा सभाध्यक्ष महेंद्र चौधरी, उपशाखा महिला मंत्री हेमलता मीणा, वरिष्ठ कार्यकर्ता नारायण सिंह मीणा, बृजबोहन, उपशाखा कोषाध्यक्ष शिब्बो सोनी, उमेश चौधरी, सत्यभान सैनी, संतोष सहित अनेक शिक्षक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंच संचालन उपशाखा मंत्री भजनलाल मीणा द्वारा किया गया।

