अलवर में केमिकल फैक्ट्री में हादसा, मजदूर की आंखें झुलसीं
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर केमिकल से भरे कुंड में गिर गया, जिससे उसकी दोनों आंखें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार केरेवा जाट निवासी 36 वर्षीय महेंद्र जाटव एएच प्रोडक्ट केमिकल फैक्ट्री में काम करता है। वह फैक्ट्री परिसर में कैल्शियम के कचरे को केमिकल के कुंड में डाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह करीब पांच फीट गहरे केमिकल से भरे कुंड में गिर पड़ा।
काफी मशक्कत के बाद मजदूर किसी तरह खुद को कुंड से बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन तब तक केमिकल के संपर्क में आने से उसकी आंखों को गंभीर नुकसान हो चुका था। साथी मजदूर उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आई वार्ड में उसका उपचार जारी है।