दिन में 'रैकी' और रात में 'सफाई': MIA की फैक्ट्रियों को निशाना बनाने वाली गैंग का उद्योग नगर पुलिस ने किया पर्दाफाश
MIA एरिया में ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी करने वाली शातिर गैंग बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार
अलवर (अनिल गुप्ता): अलवर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने मत्स्य इंडस्ट्रियल एरिया (MIA) में पिछले एक महीने से मचे हड़कंप को खत्म करते हुए ट्रांसफार्मर चोरी करने वाली एक शातिर गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के चार मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में कॉपर और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की हैं।
लगातार 5 फैक्ट्रियों को बनाया निशाना जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस गैंग ने 14 जनवरी से लेकर 30 जनवरी के बीच उद्योग नगर थाना क्षेत्र की पांच बड़ी कंपनियों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें आरजी एग्रो फूड फैक्ट्री, सन्मति मार्बल्स, एचबी मार्बल्स, गौरव केमिकल मिनरल और माइक्रोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इन सभी फैक्ट्रियों के ट्रांसफार्मरों से कीमती कॉपर तार और केबल चोरी किए गए थे।
दिन में रैकी, रात में वारदात पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी इतने शातिर थे कि वे दिन के उजाले में बाइक पर घूमकर फैक्ट्री एरिया की रैकी करते थे और यह तय करते थे कि किस ट्रांसफार्मर को निशाना बनाना आसान है। रात के अंधेरे में गिरोह के सदस्य ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके अंदर से कीमती कॉपर निकालकर रफूचक्कर हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी पुलिस ने इस मामले में बलविन्द्र सिंह, गुरविन्दर सिंह, सोनू और हरजीत उर्फ रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब तीन क्विंटल कॉपर और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य संभावित चोरियों और माल खरीदने वाले कबाड़ियों के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।