गोविंदगढ़ में ऑनलाइन नौकरी ठगी का आरोपी गिरफ्तारः पेन-पेंसिल पैकिंग जॉब के नाम पर करता था धोखाधड़ी
गोविंदगढ़ (अलवर)
गोविंदगढ़ पुलिस ने 'साइबर संग्राम अभियान 2.0' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को घर बैठे नौकरी दिलाने का लालच देता था।
थानाधिकारी धर्मसिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अकरम खान (21) पुत्र अब्दुल सकूर तिलवाड़ क्षेत्र का निवासी है। वह नामचीन पेन-पेंसिल कंपनियों में पैकिंग जॉब दिलाने का विज्ञापन विभिन्न सोशल मीडिया ऐप्स पर देता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्कों के नाम पर लोगों से मोटी रकम ऐंठ लेता था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन और फर्जी सिम जैसे अपराधों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में विशेष टीमों का गठन किया गया था। जिसका नेतृत्व थानाधिकारी धर्मसिंह कर रहे थे।
गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और जमीनी सूचनाओं के आधार पर तिलवाड़ क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। जिनका उपयोग ठगी की वारदातों को अंजाम देने में किया जा रहा था।
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मसिंह, सहायक उप-निरीक्षक मोहनलाल, कांस्टेबल श्याम सुंदर और धर्मसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और म्यूल अकाउंट्स का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में आकर अपनी निजी जानकारी या पैसा साझा न करें। सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।