फर्जी ट्रांजेक्शन का 'मैसेज खेल' पड़ा भारी: ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी करने वाला शातिर आरोपी रामगढ़ में गिरफ्तार
रामगढ़,अलवर
अलवर जिले में साइबर अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे 'साइबर संग्राम अभियान 2.0' के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने एक शातिर ठग को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी तकनीकी चालाकी का इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगा रहा था।
ठगी का अनोखा तरीका: फर्जी मैसेज का जाल:-
थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रहीश खां (30) निवासी जाडौली बास एक शातिर तरीके से ठगी को अंजाम देता था। वह ऑनलाइन सामान खरीदने के बाद दुकानदार या व्यक्ति को अपने मोबाइल से 'फोन पे' (PhonePe) का एक फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेजता था । जिसमें असली कीमत से अधिक राशि दिखाई देती थी। इसके बाद वह सामने वाले को झांसा देता था कि "गलती से ज्यादा पैसे ट्रांसफर हो गए हैं" और फालतू गई राशि को वापस अपने खाते में डलवा कर ठगी कर लेता था।
एएसपी (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ, एएसपी ग्रामीण डॉ. प्रियंका और वृताधिकारी पिन्टु कुमार (IPS) के नेतृत्व में थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह की टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जाडौली बास क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को धर-दबोचा और उसके पास से वारदात में प्रयुक्त 2 एंड्रॉइड मोबाइल मय सिम कार्ड जब्त किए हैं।
गठित टीम : -
इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह, स.उ.नि. राजेश सारन, कांस्टेबल महबूब, मूलाराम, जवाहर सिंह और सहरुन खान की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
जनहित में जारी:- किसी भी ऑनलाइन भुगतान (Payment) की पुष्टि केवल मोबाइल मैसेज से न करें, बल्कि अपने बैंक अकाउंट बैलेंस या ऐप की हिस्ट्री जरूर चेक करें। सतर्कता ही बचाव है।