सूचना पर भी नहीं आई पुलिस, सीसीटीवी में नजर आए तस्कर; गौ-तस्करों ने गायों को पिकअप में लादा, विरोध पर युवक को कुचलने का प्रयास
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर के वार्ड 35 में सोमवार - तड़के गौ-तस्करों ने जमकर उत्पात मचाया और हथियारों के दम पर गोवंश चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बिना नंबर की पिकअप गाड़ी में आए 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने अलसुबह करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच सड़क पर घूम रही गायों को गाड़ी में लाद लिया।
इस दौरान जब एक जागरूक नागरिक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खैरथल थाने में 38 पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात होने के बावजूद शहर में अपराधी बेखौफ हैं। रात्रि गश्त और बीट सिस्टम केवल कागजों तक सीमित रह गया है। लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी बिना नंबर की गाड़ियां रात के अंधेरे में गोवंश उठा ले जाती रही हैं। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज वार्डवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताया है।
खैरथल एसएचओ रामकिशन यादव ने बताया कि घटना सोमवार सुबह करीब 4:15 बजे की है। सूचना न कंट्रोल रूम से मिली और न ही रात्रि गश्त टीम को इसकी जानकारी थी। वीडियो वायरल होने के बाद मामले का पता चला। सूचना मिलते ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर गौतस्करों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी गजराज सिंह ने बताया कि वे रोजाना की तरह सुबह 3 बजे हनुमान मंदिर मार्ग पर टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक पिकअप रुकी और उसमें से मुंह ढके बदमाश उतरे जो गायों को पकड़ने लगे। गजराज ने तुरंत 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि सुबह तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जब उन्होंने हिम्मत दिखाकर विरोध किया और डंडे से पिकअप पर वार किया, तो बदमाशों ने उन्हें कुचलने की नीयत से गाड़ी उनकी ओर मोड़ दी। बदमाश जल्दबाजी में 3-4 गोवंश को भरकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। मामले में एसपी बृजेश ज्योति ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जिले में गौ-तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, शहर में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

