सांसद संजना जाटव ने विरोधी खेमे के घर पहुंचकर दिया मानवीयता का संदेश, सुनीता खंडेलवाल का जाना हालचाल
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे में एक सकारात्मक और मानवीय पहल देखने को मिली, जब भरतपुर सांसद संजना जाटव ने बुधवार को स्थानीय निवासी वर्तमान विधायक रमेश खींची के करीबी राजा खंडेलवाल के घर पहुंचकर उनकी पत्नी सुनीता खंडेलवाल के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इस दौरान सांसद ने न केवल परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया, बल्कि उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
सांसद के इस दौरे को क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा कदम माना जा रहा है। उन्होंने अस्वस्थ सुनीता खंडेलवाल से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछी और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान परिवारजनों ने सांसद का स्वागत-सम्मान किया और उनके इस व्यवहार की सराहना की।
विशेष बात यह रही कि राजा खंडेलवाल को वर्तमान भाजपा विधायक रमेश खींची का करीबी माना जाता है और पूर्व में राजनीतिक रूप से सांसद संजना जाटव के विरोधी रहे हैं। इसके बावजूद सांसद का उनके घर पहुंचना क्षेत्र में एक सकारात्मक राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इस घटना के बाद कस्बे की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सांसद ने इस अवसर पर राजा खंडेलवाल के पिता रामबाबू खंडेलवाल से भी आत्मीय भेंट की और उनका हालचाल जाना। साथ ही उन्हें अपने निवास पर आने का न्योता भी दिया।
सांसद की इस पहल ने कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाया और कार्यकर्ता-नेता के बीच मजबूत रिश्तों को और सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस मौके पर अमित खंडेलवाल और अतुल खंडेलवाल सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

